RSS कार्यकर्ताओं को बैट-स्टंप से पीटा, हालात बने तनावपूर्ण:रात 1.30 बजे तक भीमगंज थाने पर हंगामा; संगठन का आरोप- सोची-समझी साजिश

भीलवाड़ा में रविवार रात क्रिकेट की बात को लेकर दो पक्षों को झगड़ा हो गया। इसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। देर रात 1.30 बजे तक एक पक्ष के लोग थाने पर जुटे रहे। पुलिस ने मारपीट मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। एक अन्य को डिटेन भी किया है। घायल हुए दो लड़कों का मेडिकल कराया गया है। एडिशनल एसपी विमल सिंह ने बताया- भीलवाड़ा के भीमगंज थाना के सामने एमजी हॉस्पिटल पार्क में रविवार शाम 7 बजे RSS की सांध्यकालीन शाखा लग रही थी। शाखा में 8 से 10 युवक और बच्चे शामिल थे। वहीं पार्क के दूसरे हिस्से में दूसरे पक्ष के 15 से 20 लड़के और बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान बॉल आरएसएस कार्यकर्ता को आकर लगी। इससे दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ी तो दूसरे पक्ष के लड़के बैट और स्टंप ले आए। उन्होंने दो लड़कों की पिटाई कर दी। हो-हल्ला होने पर दूसरे पक्ष के घरों से महिलाएं आ गईं और गाली-गलौज व शोर-शराबा करने लगी। इस दौरान भीमगंज थाना प्रभारी आशुतोष पांड्या जाप्ता लेकर पार्क में पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। दोनों पक्षों के लोग अपने अपने घर चले गए। शाखा लगा रहे लड़कों ने घटना की जानकारी विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, RSS से जुड़े स्थानीय नेताओं गणेश प्रजापत, राजेश सोनी, गोपाल सोनी और भारत गेंगट को दी तो वे रात 9 बजे भीमगंज थाने पर पहुंच गए। रात 9.30 बजे तक थाने पर 400 से ज्यादा लोगों की भीड़ जुट गई थी। लोग सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। रात 10 बजे स्थानीय विधायक अशोक कोठारी भी थाने पहुंचे। इसके अलावा सभापति राकेश पाठक, विहिप नेता विजय ओझा, समाज सेवी रवि जाजू आदि मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग करने लगे। संघ के नेताओं ने आरोप लगाया कि यह मामूली विवाद नहीं है। सोची समझी साजिश के तहत किया जा रहा है। पहले बच्चों का झगड़ा कराया जाता है। इसके बाद बड़े शामिल हो जाते हैं। संघ नेताओं ने कहा कि 10 जून को भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना इलाके के पटरी पार एरिया में भी क्रिकेट की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। हमारे पक्ष के लड़कों से जबरन नारेबाजी कराई गई और मारपीट की गई थी। उन्हें उदयपुर रेफर किया गया था। इस मामले में भी आरोपियों को गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार 20 जून को भीलवाड़ा बंद हुआ था। यह मामला अभी चल ही रहा है। ऐसे में कहा जा सकता है कि आरएसएस को टारगेट कर यह सोच-समझ कर किया जा रहा है। संघ नेताओं ने आरोप लगाया कि झगड़ा करने वाले युवक के पिता पीएफआई से जुड़े हैं। इससे पहले भी पार्क में शाखा के दौरान दो बार पथराव की घटना हो चुकी है। लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ा था। अब हिंदूवादी संगठन यह नहीं सहेंगे। जानकारी के अनुसार रात में भीमगंज थाना के बाहर दूसरे पक्ष की महिलाएं भी जुटी थीं और लोगों को जुटाने की कोशिश की। रात 1.30 बजे तक विधायक अशोक कोठारी थाने में रहे। पीड़ित पक्ष की ओर से 5 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी गई है। सभी की गिरफ्तारी की मांग की गई है। गैरजमानती धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की गई है। सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। साथ ही 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। वरना बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। रविवार शाम शाखा लगा रहे दो लड़कों का मेडिकल कराया गया है। चोट गंभीर नहीं हैं। एडिशनल एसपी विमल सिंह ने बताया- रविवार रात सीओ सिटी अशोक जोशी, 5-6 थानों के एसएचओ, आरएसी के जवानों को मौके पर बुलाया गया। एहतियात के तौर पर गार्डन वाली जगह पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। सोमवार को हालात सामान्य हैं। संवेदनशील एरिया गुलमंडी, बड़ा मंदिर, पुराना भीलवाड़ा में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात है। रात में भी पुलिस ने डेढ़ किलोमीटर तक फ्लैग मार्च किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *