समाजिक सुरक्षा पेंशन की बढ़ी राशि हुई लाभार्थियों को ट्रांसफर:बहरोड़ पंचायत समिति में लाइव प्रसारण, सैकड़ों महिलाओं ने देखा सीधा प्रसारण

गुरुवार को बहरोड़ पंचायत समिति सभागार में मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बढ़ी हुई राशि का सीधा ट्रांसफर झुंझुनू में किया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बहरोड़ क्षेत्र के बड़ी संख्या में पेंशन धारकों ने पंचायत समिति में देखा। जैसे ही मुख्यमंत्री ने झुंझुनू से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) किया, पंचायत समिति में बैठी महिलाओं के मोबाइल पर खाते में पैसे आने के मैसेज बजने लगे। प्रधान सरोज यादव की मौजूदगी में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। यहां विधायक डॉ. जसवंत यादव भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने वचनों के प्रति कटिबद्ध है। चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने वादा किया था कि अगर हमारी सरकार आएगी तो पेंशन बढ़ाई जाएगी। प्रदेश सरकार ने अपना वादा पूरा कर दिया है और अब अप्रैल माह से ही पेंशन बढ़ाकर 1000 रुपए से 1150 रुपए कर दी गई है। आज राजस्थान के 88 लाख 35 हजार 137 लाभार्थियों को 1037 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधा ट्रांसफर की गई। इसमें अलवर जिले के 4 लाख 31 हजार 368 पेंशन धारकों को 50 करोड़ 59 लाख 76 हजार 300 रुपए ट्रांसफर किए गए। विधायक ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार प्रदेश के विकास में प्रगति कर रही है। विकास कार्यों के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनू जिले से संबोधित करते हुए कहा कि विधवा, तलाकशुदा, एकल नारी महिलाओं और बुजुर्गों को बड़ी हुई पेंशन का लाभ मिलेगा। यह लाभार्थी अपनी आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर सकेंगे और आत्मनिर्भर बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के गांव और हर घर में यह राशि पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मानना है कि संवेदनशील समाज का निर्माण तभी हो सकता है जब समाज ममतामयी जनता को श्री गणेश मानकर सरकार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक सभी का ख्याल रख रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पीएम सम्मान निधि राशि भी बढ़ाई है, जो आगामी दिनों में खातों में जमा हो जाएगी। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मीर, बीडीओ देवेंद्र यादव और अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *