भ्रूण को नहर से निकाल नोंच रहे थे कुत्ते:किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमॉर्टम करवा पहचान के लिए डीएनए प्रिजर्व करवाए

पीलीबंगा थाना पुलिस ने चक 40 एनडीआर से निकलने वाली जेडब्ल्यू माइनर नहर से एक भ्रूण बरामद किया है। पूर्ण रूप से विकसित भ्रूण को कुत्ते नहर से निकालकर नोंच रहे थे। किसी किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया। इस संबंध में पीलीबंगा पुलिस थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीलीबंगा पुलिस थाने के हेड कॉन्स्टेबल राकेश मीणा ने बताया- सूचना मिलने के बाद चक 40 एनडीआर में रामस्वरूप पूनिया के खेत के पास से गुजरने वाली जेडब्ल्यू माइनर पर पहुंचे तो वहां पर एक भ्रूण मिला। मौके पर मौजूद धर्मपाल (40) पुत्र भागीरथ जाट निवासी 40 एनडीआर ने बताया- उसकी जेडब्ल्यू माइनर से पानी की बारी थी। करीब 2 घंटे पूर्व दो कुत्ते उक्त शव को नहर से बाहर निकालकर पटड़े पर खाने की कोशिश कर रहे थे। उसने कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अवलोकन किया तो भ्रूण एक नवजात बच्ची का होना पाया गया। भ्रूण अपनी पूर्ण अवस्था में था, जिसके हाथ-पैर पूरी तरह विकसित थे। भ्रूण का पेट काला पड़ा हुआ था और नाभी पर लम्बी नाल लटकी हुई थी। भ्रूण का चेहरा व शरीर गली-सड़ी अवस्था में था। इससे काफी बदबू आ रही थी। भ्रूण के गले पर ताजा चोट के निशान थे जो संभवतया कुत्तों की ओर से नोंचे जाने से बने हुए प्रतीत हुए। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पीलीबंगा सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद भ्रूण का पोस्टमॉर्टम करवा पहचान के लिए डीएनए प्रिजर्व करवाए। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मृत शरीर के गुप्त निपटान के जरिए जन्म छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान एसआई सुमन के सुपुर्द किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *