ड्रोन सर्च में घरों से निकले 2 ट्रॉली पत्थर:अब मकान मालिकों से होगी पूछताछ; जोधपुर में उपद्रव के चौथे दिन शांति

जोधपुर के सूरसागर में उपद्रव के बाद भी माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। हालांकि पुलिस ने भी काफी सख्ती बरती है और हालात को काबू में किया है। इसी दौरान सूरसागर इलाके की ड्रोन सर्चिंग में खुलासा हुआ है कि यहां कई घरों की छतों पर पत्थरों के ढेर जमा किए हुए हैं। ड्रोन कैमरे में ये सब नजर आने के बाद पुलिस ने एसटीएफ टीम को तत्काल इन घरों की छतों पर भेजा और यहां से 2 ट्रॉली सेज्यादा पत्थर जब्त कर निकाले। अब पुलिस इन मकान मालिकों पर सख्ती से कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। पुलिस को आशंका है कि यहां छतों पर जमा किए गए इन पत्थरों से एक बार फिर माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी। इसी के चलते रविवार को इस इलाके में ड्रोन सर्वे करवाया गया था। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा घरों की छतों पर पत्थर इकट्ठा किये हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद STF टीम ने इन पत्थरों को जब्त किया और सभी संबंधित मकान मालिकों के नाम पते भी नोट कर लिए। अब जल्द ही इन्हें पूछताछ के लिए भी बुलाया जाएगा। सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने की कोशिश इससे पहले ये भी पता चला था कि सोशल मीडिया पर भी जोधपुर का माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है।सोशल साइट X पर अलग-अलग अकाउंट से वीडियो के साथ झूठे कैप्शन लगा कर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। किसी ने इसे एक समाज के दूसरे समाज विशेष पर अत्याचार बताया है तो एक अकाउंट से लिखा गया कि पुलिस उपद्रवियों की मदद कर रही है, उनसे पत्थरबाजी करवा रही है। एक अकाउंट से समाज विशेष के धार्मिक स्थल पर दूसरे समाज से युद्ध छिड़ने की भ्रामक जानकारियां डाली जा रही हैं। इसके लेकर जब दैनिक भास्कर ने DCP वेस्ट राजेश कुमार यादव से बात की तो उन्होंने कहा- पाकिस्तान से जुड़े अकाउंट्स को चेक करवाया जा रहा है। पाकिस्तान से सोशल मीडिया पोस्ट पाकिस्तान फर्स्ट नाम से बने अकाउंट की पोस्ट में लिखा है- ‘जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र का राजाराम चौराहा। इसमें दावा किया गया है कि समाज विशेष पर भारत में अत्याचार हो रहे हैं। धार्मिक स्थल की मरम्मत करते वक्त यहां एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया। युद्ध छिड़ जाने जैसी बातें लिखी हैं। साथ ही लिखा- झड़प के वीडियो में हिंसक दृश्य। इस पोस्ट के साथ ही जोधपुर हिंसा से जुड़े 4 वीडियो भी शेयर किए गए हैं। शाहबाज हैदर नाम से बने एक दूसरे एक्स अकाउंट से उर्दू में पोस्ट कर लिखा गया है कि पुलिस ही समाज विशेष पर पत्थर और आंसू गैस बरसा रही है और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का काम कर रही है। इसके साथ भी उपद्रव का एक वीडियो शेयर किया गया है। एक और माइटी मोंटू नाम से बने अकाउंट से पोस्ट किया गया कि जोधपुर सूरसागर में हुई हिंसा में पुलिस और एक पक्ष मिलकर पत्थरबाजी कर रहे हैं। पुलिस वाले उपद्रवियों को बुला-बुलाकर पथराव करवा रही है आप वीडियो में देख सकते हैं। DCP बोले- मामले पर नजर रखे हुए हैं, कार्रवाई करेंगे
शुक्रवार देर रात जोधपुर के सूरसागर में हुई पथराव की घटना के बाद सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे कर वीडियो को गलत ढंग से प्रचारित किया जा रहा है। मामले को लेकर जब भास्कर ने पड़ताल की तो ऐसे कई पोस्ट नजर आए जो जोधपुर की फिजां में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। मामले को लेकर जोधपुर वेस्ट DCP राजेश कुमार यादव ने कहा- लोकल एरिया में तो हम ऐसे उपद्रवियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जो भी दंगा भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें पकड़ा जा रहा है। अब ये पाकिस्तान से जुड़े अकाउंट्स से जो पोस्ट हो रहा है, उसे भी चेक करवाते हैं। यह है पूरा मामला
सूरसागर थाना इलाके के राजाराम सर्कल स्थित ईदगाह के मुख्य गेट के पास कुछ दुकानें हैं। गुरुवार को गेट निकालने का काम शुरू किया गया था। बस्ती में रहने वाले कुछ लोग गेट निकालने का विरोध जता रहे थे। दो दिन में दो बार दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। पुलिस ने मामला शांत करवा दिया था। इसके बाद शुक्रवार को गेट निकलते देख पास की बस्ती के लोगों ने फिर से विरोध शुरू कर दिया था। वे गेट निकालने के काम को बंद करने की बात पर अड़ गए थे। तब दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ आए और गेट बनाने के लिए अड़े रहे। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए थे। शुक्रवार रात को हुए उपद्रव में लोग छतों से पथराव कर रहे थे। इसमें 16 पुलिसकर्मी फंस गए। दो बार पुलिस के जवान पीछे हटे, आंसू गैस के गोलों का भी कोई असर नहीं हुआ। शुक्रवार रात को हुए हंगामे में दो पुलिसवाले भी घायल हुए थे। इस दौरान उपद्रवियों ने एक दुकान में आग भी लगा दी थी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। करीब तीन घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। इस दौरान हुए पथराव में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना के थानाधिकारी नितिन दवे और शास्त्रीनगर थाना के सब इंस्पेक्टर शैतान सिंह भी घायल हुए थे। क्षेत्र में अब शांति है
एडिसीपी (पश्चिम) निशांत भारद्वाज ने बताया- दो पक्षों में विवाद के बाद सूरसागर, प्रतापनगर, देवनगर और राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में धारा 144 लगाई गई, यह अब तक जारी है। सूरसागर क्षेत्र में जहां विवाद हुआ था, वहां पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस दर्ज मामलों में जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। क्षेत्र में अब शांति है। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से मिलकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की भी अपील की। उपद्रव के आरोप में 67 लोगों पर नामजद मामला दर्ज किया गया है। अब तक 43 लोगों को गिरफ्तारी हो चुकी है। उपद्रव के तीसरे दिन रविवार को सूरसागर इलाके का पूरा मार्केट बंद रहा। आज क्षेत्र में शांति रही। मार्केट बंद होने और गर्मी के कारण लोगों की सड़क पर आवाजाही कम रही। आज दोपहर कुछ महिलाएं पुलिस कार्रवाई को लेकर सूरसागर थाने पहुंची थीं। जहां से उन्हें समझाकर वापस घर लौटा दिया। प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
सूरसागर में दो पक्षों के बीच हुई झड़प को लेकर रविवार को कमिश्नरेट कार्यालय में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिशनर से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की एकतरफा कार्रवाई न की जाए। दोषियों को बख्शा न जाए। प्रतिनिधिमंडल में भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़, कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रहे करण सिंह उचियारड़ा,महापौर कुंती देवड़ा शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *