कैथून में अंबेडकर की मूर्ति तोड़ने पर विवाद:असामाजिक तत्वों की करतूत, पुलिस जांच में जुटी

कोटा ग्रामीण के कैथून थाना इलाके में अज्ञात बदमाशों ने भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को तोड़ दिया। जिसके बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया। घटना कोटा ग्रामीण के बड़ोदिया गांव की है। रविवार को घटना का पता लगने के बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए और आक्रोश जताया। लोगों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में कैथून पुलिस जांच कर रही है। डिप्टी एसपी बेनी प्रसाद ने बताया कि रविवार सुबह गांव में बाबा अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने की जानकारी ग्रामीणों से मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं ग्रामीण उच्छब वर्मा ने बताया कि गांव में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित थी। रात 11 बजे तक तो ग्रामीण जाग ही रहे थे। रात एक बजे के बाद किसी ने देर रात को प्रतिमा को खंडित किया और प्रतिमा की गर्दन तोड़कर ले गए। सुबह ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर बैरवा समाज के लोग और भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए थे। उन्होंने मांग की कि आरोपियों का पता लगे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। ताकि दोबारा कोई ऐसी हरकत नहीं करे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे में कार्यवाही नहीं हुई और आरोपी नहीं पकडे़ गए तो आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *