29-30 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून:नेपाल में बारिश से बिहार में बाढ़ का खतरा; UP-उत्तराखंड समेत 21 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मानसून देश के उत्तरी राज्यों की तरफ बढ़ गया है। स्काईमेट एजेंसी के मुताबिक, इस हफ्ते के अंत तक यानी 29-30 जून तक मानसून के दिल्ली पहुंचने का अनुमान है। दिल्ली में आमतौर पर मानसून की एंट्री 27 से 29 जून के बीच होती है। पिछले साल दिल्ली में मानसून 26 जून को पहुंचा था। इधर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार में लगातार बारिश हो रही है। कल उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में भारी बारिश हुई। अयोध्या में घरों में दो-तीन फीट पानी भर गया, जबकि देवरिया और लखीमपुर में बिजली गिरने से 3 बच्चों की मौत हो गई। राजस्थान के पाली में भी चार लोगों की जान गई। बिहार के तकरीबन सभी जिलों में भारी बारिश हो रही है। वहीं नेपाल में मानसून की एंट्री के बाद तेज बारिश के कारण बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अगले 24 घंटे गंडक नदी के जलस्तर में इजाफा होने का अनुमान है। यहां सोमवार और मंगलवार को बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र शामिल हैं। तमिलनाडु, गोवा, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अलर्ट है। मानसून कहां-कहां पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। 6 जून को मानसून ने महाराष्ट्र में एंट्री ली और 11 जून को गुजरात में दाखिल हुआ। मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था। 18 जून तक मानसून महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था। हालांकि, इसके बाद मानसून रुका रहा। 21 जून को मानसून डिंडौरी के रास्ते मध्य प्रदेश पहुंचा और 23 जून को गुजरात में आगे बढ़ा। 25 जून को मानसून ने राजस्थान में एंट्री ली और मध्य प्रदेश के आधे के ज्यादा क्षेत्र को कवर कर लिया। 25 जून की ही रात मानूसन ललितपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल हुआ। 26 जून को मानसून MP और UP में आगे बढ़ा। मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली-पंजाब को कवर करेगा
अनुमान है कि कल मानसून पूरे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से को कवर कर लेगा। 27 जून तक मानसून के पूरे बिहार, पूरे झारखंड, पूरे पश्चिम बंगाल को कवर करने का अनुमान था, लेकिन मानसून अभी इन राज्यों में रुका हुआ है। 27 जून तक मानसून दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में एंट्री ले सकता है और 3 जुलाई तक इन राज्यों को पूरी तरह कवर करके आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा। 10 साल में छठी बार जून में बारिश सामान्य से कम
मानसून के पहले महीने में न केवल बारिश घट रही है, बल्कि गर्मी के दिन भी बढ़ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, जून खत्म होने में 4 दिन बचे हैं और देश में अब तक सामान्य से 19% कम बारिश हुई है। ऐसा लगातार तीसरे साल हो रहा है। 10 साल में 6 बार जून में बारिश सामान्य से कम, एक बार सामान्य और तीन बार सामान्य से ज्यादा हुई है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव एम. राजीवन का कहना है कि जून में मानसून 20 दिन तक पश्चिम बंगाल और दो हफ्ते तक गुजरात-महाराष्ट्र में अटका रहा। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायर्नमेंट के मुताबिक 1988 से 2018 के दौरान 62% जिलों में जून में कम बारिश हुई। आज किसी राज्य में हीटवेव का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को देश के किसी राज्य में हीटवेव का अलर्ट नहीं है। बुधवार को देश के 6 राज्यों- पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में बुधवार को कई जगहों का तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान का जैसलमेर 45.4 डिग्री तापमान के साथ लगातार तीसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। यहां मंगलवार को भी 45.4 डिग्री तापमान था। सोमवार को यहां 45 डिग्री तापमान था। मौसम की तस्वीरें… आगे कैसा रहेगा मौसम राज्यों में मौसम का हाल पढ़िए… मध्य प्रदेश: 49 जिलों में पहुंचा मानसून, ग्वालियर में आज एंट्री, 3 दिन पूरे प्रदेश में बदला रहेगा मौसम मध्यप्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से आंधी, बारिश और गरज-चमक का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से मंगलवार को भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहा। ऐसा ही मौसम अगले 3 दिन रहेगा। कहीं तेज आंधी चलेगी तो कहीं बारिश होने का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 8 जिलों में बिजली गिरने से 9 मौतें, गोपालगंज, बेगूसराय समेत 4 जिलों में तेज बारिश, 19 में ऑरेंज अलर्ट बिहार में मानसून अब पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। बुधवार की सुबह गोपालगंज, बेगूसराय, सीतामढ़ी और मधुबनी में बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज पटना समेत बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसमें प्रदेश के 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा- पंजाब: हरियाणा के कई जिलों में बारिश, चंडीगढ़-पंजाब में 13 जगह हीटवेव चलेगी हरियाणा में आज मौसम विभाग ने 8 जिलों में बारिश का अलर्ट दिया है। इनमें गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार शामिल हैं। सुबह जींद, सफीदों, जुलाना, बरवाला, हांसी, नारनौंद, भिवानी, मुंढाल, बवानीखेड़ा, तोशम, कलानौर, कोसली, चरखी दादरी और झज्जर के कुछ स्थानों पर बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: आज से भारी बारिश का यलो अलर्ट, रायपुर समेत सभी संभागों में अगले 5 दिन होगी बरसात छत्तीसगढ़ में आज से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में मध्यम से भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 जून से 29 जून तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। इसके चलते अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट भी हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: अयोध्या में बारिश, घरों में बेड-सोफे डूबे, लोग बोले-विकास तैर रहा, काशी में 6 घंटे बरसात UP में मानसून का इंतजार खत्म हो गया। बुंदेलखंड में ललितपुर के रास्ते पहली बार मानसून ने UP में एंट्री की। बुधवार सुबह प्रदेश के 10 जिलों में जोरदार बारिश हुई। अयोध्या में इतनी जोरदार बरसात हुई कि हनुमानगढ़ी चौराहे के पास रामपथ पर पानी भर गया। परेशान लोगों ने कहा- रामपथ का विकास तैर रहा है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: बिजली गिरने से 2 की मौत, 5 झुलसे, भारी बारिश की चेतावनी; जयपुर में 2 इंच तक पानी गिरा मानसून की एंट्री के साथ अच्छी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार देर शाम को जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कई जिलों में 2 इंच तक पानी गिरा। भरतपुर में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। करौली जिले में 5 लोग झुलस गए। प्रदेश में आज भी बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *