न्यूज इन ब्रीफ@11 AM:संसद में राष्ट्रपति का अभिभाषण, AAP बहिष्कार करेगी; सा. अफ्रीका पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल में; आडवाणी दिल्ली AIIMS में भर्ती

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. संसद में राष्ट्रपति का अभिभाषण, AAP बहिष्कार करेगी; डिप्टी स्पीकर का चुनाव लड़ेगा विपक्ष
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरूवार को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसमें वे 5 साल के लिए केंद्र सरकार के रोडमैप की रूपरेखा पेश करेंगी। ये बैठक नई संसद में होगी, जहां राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन सुबह 11 बजे होगा। AAP सांसद संदीप पाठक ने कहा- केजरीवाल के खिलाफ लगातार कार्रवाई के विरोध में आज हम राज्यसभा में प्रदर्शन करेंगे और राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेंगे। वहीं स्पीकर का चुनाव हारने के बाद विपक्ष अब डिप्टी स्पीकर के लिए दावेदारी करेगा।
पढ़ें पूरी खबर… 2. 30 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून; नेपाल में बारिश, बिहार में बाढ़ का खतरा
मानसून देश के उत्तरी राज्यों की तरफ बढ़ गया है। 29-30 जून तक मानसून के दिल्ली पहुंचने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार में लगातार बारिश हो रही है। कल उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में भारी बारिश हुई। अयोध्या में घरों में दो-तीन फीट पानी भर गया। वहीं नेपाल में मानसून की एंट्री के बाद तेज बारिश के कारण बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अगले 24 घंटे गंडक नदी के जलस्तर में इजाफा होने का अनुमान है।
पढ़ें पूरी खबर… 3. साउथ अफ्रीका पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल में, सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराया
टी-20 वर्ल्डकप 2024 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ वर्ल्डकप इतिहास में पहली बार साउथ अफ्रीकी टीम फाइनल में पहुंची। इससे पहले, अफ्रीकी टीम 5 बार वनडे और 2 बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल से बाहर हुई थी। अब फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला रात 8 बजे होगा। जब गयाना में इंडिया और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।
पढ़ें पूरी खबर… 4. NEET मामला: झारखंड के ओएसिस स्कूल से पेपर लीक का शक, प्रिंसिपल से पूछताछ
झारखंड के हजारीबाग से NEET पेपर लीक का कनेक्शन सामने आया है। ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल डॉक्टर एहसान उल हक और एक कर्मचारी से CBI ने पूछताछ की। इसके बाद CBI उन्हें अपने साथ ले गई। बिहार EOU की रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड के हजारीबाग में क्वेश्चन पेपर के बॉक्स के रखरखाव और रिसीविंग में लापरवाही हुई है। पटना में CBI कोर्ट ने पेपर लीक में शामिल दो आरोपियों – बलदेव कुमार उर्फ ​​चिंटू और मुकेश कुमार को तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, 18 आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है।
पढ़ें पूरी खबर… 5. लालकृष्ण आडवाणी दिल्ली AIIMS में भर्ती, यूरोलॉजी डिपार्टमेंट की निगरानी में हो रहा इलाज
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार देर शाम उन्हें कुछ दिक्कत महसूस हुई, जिसके बाद एम्स ले जाया गया। सूत्रों ने बताया, यह रूटीन चेकअप है। उन्हें यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। 31 मार्च को लालकृष्ण आडवाणी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया गया था।
पढ़ें पूरी खबर… 6. सैम पित्रोदा को फिर बने ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष, 50 दिन पहले इस्तीफा दिया था
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को एक बार फिर ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। लोकसभा चुनाव के बीच 8 मई को पित्रोदा का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वे कह रहे थे कि भारत में ईस्ट के लोग चाइनीज और साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं। विवाद बढ़ने के बाद पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
पढ़ें पूरी खबर… 7. भारत ने 2014 से वर्ल्ड कप के 6 नॉकआउट मैच गंवाए; किसी में भी टॉस नहीं जीता
टीम इंडिया आज रात 8 बजे गयाना के मैदान पर इंग्लैंड से सेमीफाइनल खेलने उतरेगी। 2014 के बाद से भारत ने वनडे और टी-20 वर्ल्ड कप के 6 नॉकआउट मैच गंवाए। किसी में भी टीम इंडिया टॉस नहीं जीत सकी थी। इस बार गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में भारत का सेमीफाइनल मैच होगा, जहां पहले बैटिंग करना फायदेमंद है। यानी इंग्लैंड ने टॉस जीत लिया तो भारत एक बार फिर ICC के नॉकआउट मैच में बैकफुट पर जा सकता है।
पढ़ें पूरी खबर… 8. पाकिस्तान में गर्मी से 6 दिन में 568 मौतें, सड़कों पर लाशें मिली; शव रखने की जगह नहीं
पाकिस्तान में भीषण गर्मी से पिछले 6 दिन में 568 लोगों की मौत हो गई है। कराची में 24 जून को पारा 41 डिग्री सेल्सियस था। पाकिस्तान के एक NGO ईधी फाउंडेशन के प्रमुख फैजल ने कहा कि कराची में 4 मुर्दाघर हैं लेकिन हालात ये हैं कि इनमें शवों को रखने के लिए जगह नहीं बची है। यहां हर दिन 30-35 शव पहुंच रहे हैं। डॉन न्यूज के मुताबिक, इमरजेंसी सेवाओं के कर्मचारियों को कराची की सड़कों पर अब तक 30 लोगों के शव मिले हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 9. लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई पर शेयर बाजार, सेंसेक्स 78,994 पर पहुंचा
शेयर बाजार ने आज लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,994 और निफ्टी ने 23,962 का आंकड़ा छुआ। अभी सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 79,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 50 अंक से ज्यादा की तेजी है। ये 23,950 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 शेयरों में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिल रही है।
पढ़ें पूरी खबर… 10. पति जेल में, सोशल मीडिया फ्रेंड ने रेप किया; जॉब का झांसा देकर होटल बुलाया था
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पति के जेल जाने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही 26 वर्षीय विवाहिता के साथ उसके सोशल मीडिया फ्रेंड ने रेप किया। आरोपी ने उसे जॉब लगवाने का झांसा देकर होटल में मिलने बुलाया। घटना 5 दिन पहले की है। घटना से घबराई महिला चुप रही तो आरोपी ब्लैकमेल करने लगा। बुधवार को पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची लेकिन वह घर से फरार है।
पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *