दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 की छत ​​​​​​गिरी, 1 की मौत:5 घायल, कई गाड़ियां दबीं; दोपहर 2 बजे तक उड़ानें सस्पेंड, कई फ्लाइट्स कैंसिल

दिल्ली-NCR में बारिश की वजह से शुक्रवार सुबह 5 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के टर्मिनल-1 पर पार्किंग की छत गिर गई। हादसे में कैब ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है। दमकल की तीन गाड़ियां एयरपोर्ट पर राहत-बचाव में जुटी हैं। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया, टर्मिनल-1 पर सुबह डोमेस्टिक फ्लाइट के लिए पार्किंग एरिया में गाड़ियों की लंबी लाइन लगी थी। इसी दौरान पार्किंग की छत गिर गई। छत का भारी-भरकम हिस्सा और लोहे के तीन सपोर्ट बीम भी गाड़ियों पर गिर गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। सिविल एविएशन मिनिस्टर के. राम मोहन नायडू ने घटना को लेकर सोशल मीडिया X पर लिखा- मैं निजी तौर पर हालात पर नजर रख रहा हूं। सभी एयरलाइंस को टर्मिनल-1 पर प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी गई है। घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमें काम कर रही हैं। टर्मिनल-1 पर फ्लाइट दोपहर 2 बजे तक सस्पेंड हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर हुए हादसे की तस्वीरें… टर्मिनल-1 पर दोपहर 2 बजे तक फ्लाइट सस्पेंड
हादसे के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स दोपहर 2 बजे तक सस्पेंड कर दी गई हैं। कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि छत गिरने के हादसे और खराब मौसम के कारण टर्मिनल-1 पर चेक-इन काउंटर बंद कर दिए गए हैं। फ्लाइट्स सस्पेंड होने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पहुंचे कई यात्री परेशान दिखे। यश नाम के एक पैसेंजर ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, ‘मैं बेंगलुरु जा रहा था, सुबह 8:15 बजे मेरी फ्लाइट थी। यहां सुबह करीब 5 बजे के बीच छत गिर गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास कोई जवाब नहीं है।’ एक अन्य पैसेंजर ने बताया, ‘मेरी सुबह 9 बजे की फ्लाइट है। मुझे पता चला कि पार्किंग एरिया में हादसा हुआ है। कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अधिकारी अब हमें टर्मिनल-2 जाने के लिए कह रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा- आने वाले फ्लाइट्स पर असर नहीं
हादसे को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा- भारी बारिश के कारण आज टर्मिनल 1 के पास एक हिस्सा गिर गया। कुछ लोग घायल हैं। उनकी मदद की जा रही है और उन्हें मेडिकल सहायता दी जा रही है। टर्मिनल 1 से संचालित होने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी तौर पर रद्द कर दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया- सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए चेक-इन काउटर्स को बंद कर दिया गया है। हमें इस घटना पर खेद है और इससे होने वाली परेशानी के लिए माफी चाहते हैं। दिल्ली आने वाली फ्लाइट्स पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। दिल्ली-NCR में पहली बारिश के बाद हालात बिगड़े, सड़कों पर पानी भरा, गाड़ियां डूबीं मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली को कवर करेगा दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में मानसून 27 से 30 जून तक एंट्री ले सकता है। मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली को पूरी तरह कवर कर लेगा। 5 से 8 जुलाई तक हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान पूरी तरह कवर हो जाएंगे। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा। MP-राजस्थान समेत 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट मानसून ने गुरुवार (27 जून) को उत्तर भारत के तीन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में एंट्री ली। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पंजाब के कुछ हिस्सों को मानसून ने कवर कर लिया। इसके साथ ही मानसून गुजरात, राजस्थान के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और बिहार में भी आगे बढ़ गया। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *