उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री:MP-महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट; UP, बिहार, राजस्थान में बिजली गिरने से 8 की मौत

मानसून ने मंगलवार शाम को उत्तर प्रदेश में एंट्री ले ली। पहली बार मानसून ललितपुर के रास्ते दाखिल हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 2-3 दिनों में पूर्वी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पहुंच जाएगा। इससे पहले मंगलवार दिन में मानसून राजस्थान में दाखिल हुआ था। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश के अमेठी में दो लोगों, राजस्थान के भरतपुर में 14 साल की लड़की और बिहार में पांच लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही बिहार में दो दिन में बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। इधर असम में बाढ़ के चलते मंगलवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही इस साल अब तक असम में बाढ़, लैंडस्लाइड और तूफान के चलते जान गंवाने वालों की संख्या 41 हो गई है। वहीं सात जिलों के 1.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक असम के छह जिलों के 556 गांव डूबे हैं और 1,547.35 हेक्टेयर फसल नष्ट हो चुकी है। इन छह जिलों में 149 रिलीफ कैंप बनाए हैं, जहां 26,412 लोगों ने शरण ले रखी है। मानसून कहां-कहां पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। 6 जून को मानसून ने महाराष्ट्र में एंट्री ली और 11 जून को गुजरात में दाखिल हुआ। मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था। 18 जून तक मानसून महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था। हालांकि इसके बाद मानसून रुका रहा। 21 जून को मानसून डिंडौरी के रास्ते मध्य प्रदेश पहुंचा और 23 जून को गुजरात में आगे बढ़ा। 25 जून को मानसून ने राजस्थान में एंट्री ली और मध्य प्रदेश के आधे के ज्यादा क्षेत्र को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 जून तक मानसून गुजरात के आधे से ज्यादा हिस्से को कवर कर लेगा। मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली-पंजाब को कवर करेगा
अनुमान है कि 1-2 दिन में मानसून पूरे मध्य प्रदेश, पूरे बिहार, पूरे झारखंड, पूरे पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से को कवर कर लेगा। 27 जून तक मानसून दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में एंट्री ले सकता है और 3 जुलाई तक इन राज्यों को पूरी तरह कवर करके आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा। आज तीन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
देश के उत्तरी राज्यों में अब भी गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि जम्मू के कुछ इलाकों में अगले दो दिन, जबकि पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में कल हीटवेव चलने का अनुमान है। 6 राज्यों-हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड की 18 जगहों का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। राजस्थान का जैसलमेर लगातार दूसरे दिन देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां मंगलवार को 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को यहां 45 डिग्री तापमान था। देश में इस सीजन हीटस्ट्रोक के 40 हजार मामले
हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 1 मार्च से 18 जून तक करीब 41 हजार से ज्यादा हीटस्ट्रोक के केसेज रिकॉर्ड किए गए। वहीं, हीटवेव से 114 लोगों की मौत हुई है। इस बार हीटवेव के दिन औसत से दोगुने थे। मौसम विभाग ने इस महीने भी सामान्य से अधिक तापमान का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण देश में तेज गर्मी का असर अब तक देखने को मिल रहा है। मौसम की तस्वीरें… आगे कैसा रहेगा मौसम राज्यों में मौसम का हाल पढ़िए… मध्य प्रदेश: शिवपुरी में सिंधिया के कार्यक्रम में आंधी-बारिश से गिरा टेंट; 15 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक राजनीतिक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में आंधी-बारिश के कारण मंच के ऊपर टेंट गिर गया। घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में मध्यप्रदेश के 15 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान में कोटा-उदयपुर संभाग से मानसून की एंट्री हुई: 4 शहरों में बारिश, बिजली गिरने से नाबालिग की मौत राजस्थान में मानसून की एंट्री हो गई है। मानसून ने इस बार झालावाड़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और उदयपुर के रास्ते एंट्री की है। इन संभाग के जिलों में बारिश भी अच्छी होने की संभावना है। राजस्थान में सामान्य तौर पर मानूसन 25 जून के आसपास ही प्रवेश करता है। पूरी खबर पढ़ें… यूपी में मानसून की एंट्री:पहली बार बुंदेलखंड के रास्ते किया प्रवेश, दो-तीन दिन में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पहुंचेगा यूपी में मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। ललितपुर के रास्ते पहली बार मानसून ने प्रदेश में एंट्री की है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की अरब सागर की शाखा में अधिक सक्रियता के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को बुंदेलखंड के ललितपुर के रास्ते प्रदेश में दस्तक दी। मानसून 2-3 दिनों में पूर्वी प्रदेश के अधिकांश जिलों पहुंच जाएगा। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: पटना, मोतिहारी समेत 5 जिलों में बारिश… 24 में अलर्ट, आकाशीय बिजली से 9 की मौत बिहार में मानसून का असर दिखने लगा है। मंगलवार सुबह राजधानी पटना समेत बेतिया, मोतिहारी, मुंगेर और भागलपुर में बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली से 8 जिलों में 9 लोगों की मौत हुई है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा-पंजाब: चंडीगढ़ समेत 21 जिलों में हीटवेव का अलर्ट; हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तूफान की चेतावनी हरियाणा और पंजाब में सोमवार को हुई प्री मानसून की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। आज मंगलवार को हरियाणा के 8 और पंजाब के 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, हिमाचल में बारिश और तूफान आने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: कल से भारी वर्षा का यलो अलर्ट, आज रायपुर-बिलासपुर-सरगुजा संभाग में हल्की बारिश के आसार छत्तीसगढ़ में 26 जून से मानसून की गतिविधियां बढ़ने और भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा संभाग में हल्की बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बलरामपुर में 37.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री नारायणपुर में रिकॉर्ड गया। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *